जयपुर 15 नवंबर 5वें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के तहत एथलेटिक्स की सभी स्पर्धाएं जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम के एथलेटिक्स ट्रैक पर आयोजित की जायेगी।यह पहली बार है जब राजस्थान इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी कर रहा है।
शासन सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार और अध्यक्ष, राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद् डा. नीरज के. पवन ने बताया कि एथलेटिक्स में सर्वाधिक 556 खिलाडी 23 इवेंट में भाग लेंगे। इन प्रतिभागियों में जहां 304 पुरूष एथलीट्स भाग लेंगे, वहीं 256 महिलायें पदक के लिए जोर आजमाईश करेंगीं।
उन्होंने बताया कि एथलेटिक्स में पुरूष व महिलाओं में 100 मी. व्यक्तिगत स्पद्र्धा के साथ 200 मी., 400 मी., 800 मी., 1500 मी, 5000 मी., 10000 मी., 110 मी. हर्डल्स, 400 मी. हर्डल्स, 3000 मी. स्टीपल चेज, 20 कि.मी. वॉक, चार गुना सौ मी. रिले, चार गुना चार सौ मी. रिले, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, हैमर थ्रो, लोंग जम्प, हाई जम्प, ट्रिपल जम्प, पोल वॉल्ट, डेकाथलोन (पुरूष) और हैप्टाथलान (महिला) के अलावा चार गुना 400 मिश्रित रिले की स्पद्र्धाएं शामिल हैं। चार गुना 400 मीटर रिले में सर्वाधिक 48 एथलीट्स पदक के लिए दावा पेश करेंगे। शेष सभी इवेंट में 8-8 एथलीट्स होंगे।
डा. नीरज के. पवन ने बताया कि 20 किमी वॉक को छोड़ एथलेटिक्स के सभी इवेंट्स सवाई मानसिंह स्टेडियम के एथलेटिक्स ट्रैक पर होंगे। इन स्पद्र्धाओं का आयोजन 1 से 4 दिसंबर तक किया जायेगा। एथलेटिक्स ट्रैक की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। वॉक स्पर्धा का आयोजन मुख्य स्टेडियम के बाहर सड़क पर किया जायेगा। इन स्पद्र्धाओं का डीडी स्पोट्र्स पर सीधा प्रसारण भी किया जायेगा।

