गोवा के शिरगांव में लैराई जात्रा के दौरान भगदड़,7 की मौत,दर्जनों घायल

Front-Page National

गोवा के नॉर्थ गोवा जिले के शिरगांव गांव में शुक्रवार रात श्री लैराई जात्रा के दौरान मची भगदड़ में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी शनिवार सुबह सामने आई।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर जा रहे थे, जब एक दुकान के पास बिजली के तार की चपेट में आने से कुछ लोग गिर पड़े। इससे भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि मौके पर पर्याप्त क्राउड कंट्रोल की व्यवस्था नहीं थी, जिससे हालात और बिगड़ गए।

CM सावंत ने दिए जांच के आदेश
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने शनिवार सुबह घायलों से मुलाकात की और बताया कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। उन्होंने कहा कि “यह घटना गोवा में पहली बार हुई है और हम इसकी पूरी तरह जांच कराएंगे।”

पीएम मोदी ने CM से की बात, हरसंभव मदद का आश्वासन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री सावंत से फोन पर बात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने हादसे को दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

नेताओं ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर शोक जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

क्या है श्री लैराई जात्रा?
श्री लैराई जात्रा एक वार्षिक हिंदू धार्मिक उत्सव है जो हर साल अप्रैल या मई में गोवा के बिचोलिम तालुका के शिरगांव गांव में आयोजित होता है। इस उत्सव में गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष जात्रा 2 मई की शाम से 3 मई की सुबह तक आयोजित की गई थी। हादसा इसी दौरान हुआ।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।