6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर वोटिंग:सुबह 11 बजे तक यूपी की घोसी में 21% और बंगाल की धुपगुड़ी सीट पर 34% मतदान

Front-Page National Politics

देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, केरल, झारखंड और उत्तराखंड शामिल हैं, जहां 1-1 सीट पर चुनाव हो रहा है, जबकि त्रिपुरा की दो सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। नतीजे 8 सितंबर को आएंगे।

इन सीटों पर सुबह 11 बजे तक वोटिंग पर्सेंटेज के आंकड़े आ गए हैं। यूपी की घोसी सीट पर 21%, बंगाल की धुपगुड़ी सीट पर 34% और त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर सीट पर 39% वोटर्स ने मतदान किया।

चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर दो घंटे में 10% मतदान हुआ। झारखंड की डुमरी में सुबह 9 बजे तक 11% वोटिंग हुई है और केरल की पुथुपल्ली सीट पर सुबह 10 बजे तक 21% वोट पड़े।

घोसी और धनपुर सीट पर मौजूदा विधायकों के इस्तीफा देने की वजह से चुनाव हो रहे है। बाकी पांच सीटों पर मौजूदा विधायक का निधन होने के चलते चुनाव हो रहे हैं।

5 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा INDIA गठबंधन
INDIA गठबंधन 5 सीटों- घोसी (UP), बागेश्वर (उत्तराखंड), डुमरी (झारखंड), बॉक्सानगर और धनपुर (त्रिपुरा) पर मिलकर चुनाव लड़ रहा है। वहीं, धुपगुड़ी (बंगाल) और पुथुपल्ली (केरल) में INDIA गठबंधन की पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

उत्तर प्रदेश की घोसी सीट: भाजपा और सपा के बीच मुकाबला
उत्तर प्रदेश की घोसी सीट जुलाई में समाजवादी पार्टी के विधायक दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई। दारा सिंह ने सपा छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली थी। अब वे भाजपा के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां समर्थन दे रही हैं। मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही बूथ नं 61 और बूथ नं 9 में ईवीएम मशीन खराब हो जाने से मतदान बाधित हो गया है।

झारखंड की डुमरी सीट: INDIA और NDA गठबंधन के उम्मीदवार के बीच मुकाबला
डुमरी सीट पर I.N.D.I.A ब्लॉक की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की तरफ से बेबी देवी को मैदान में उतारा गया है। उनके सामने NDA गठबंधन की पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (AJSU) ने यशोदा देवी को उम्मीदवार बनाया है।

बंगाल की धुपगुड़ी सीट: भाजपा-कांग्रेस-TMC के बीच त्रिकोणीय मुकाबला
पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी सीट पर I.N.D.I.A अलायंस के सदस्य कांग्रेस और तृणमूल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव में उतरे हैं। कांग्रेस ने CPI(M) के उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय को समर्थन दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने निर्मल चंद्र रॉय को मैदान में उतरा है, जबकि भाजपा ने तापसी रॉय को उम्मीदवार बनाया है।

केरल की पुथुपल्ली सीट: कांग्रेस और लेफ्ट के बीच मुकाबला
पुथुपल्ली सीट कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के निधन के बाद खाली हुई थी। यहां कांग्रेस ने ओमान चांडी के बेटे को मैदान में उतारा है। CPI(M) की तरफ से जैक सी थॉमस को कैंडिडेट बनाया गया है, जबकि भाजपा ने सीनियर नेता लिजिन लाल को कैंडिडेट बनाया है।

उत्तराखंड की बागेश्वर सीट: भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला
बागेश्वर सीट के विधायक चंदन राम दास के निधन के बाद भाजपा ने उनकी पत्नी पार्वती दास को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने बसंत कुमार को मैदान में उतारा है। कुमार 2022 तक इसी सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार थे और AAP की स्टेट यूनिट के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

त्रिपुरा की दो विधानसभाओं में इंटरनेशनल बॉर्डर सील
त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर सीट पर भाजपा और CPI(M) के बीच सीधा मुकाबला है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों की सीमा बांग्लादेश से लगती है। उपचुनाव के चलते यहां इंटरनेशनल बॉर्डर को सील कर दिया गया है।