जम्मू-कश्मीर के रामबन में सेना का वाहन खाई में गिरा,3 जवानों की मौत

Front-Page National

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना का वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें तीन जवानों की मौत हो गई। यह हादसा जिले के बैटरी चश्मा इलाके में हुआ, जहां सेना का एक ट्रक करीब 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

मृतक जवानों की पहचान अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तब हुआ जब जम्मू से श्रीनगर जा रहे सैन्य काफिले का यह वाहन जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर नियंत्रण खो बैठा। यह घटना रविवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे हुई।

घटनास्थल पर सेना, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

गौरतलब है कि शुक्रवार को इसी इलाके में बादल फटने की वजह से भारी नुकसान हुआ था। सड़क पर मडस्लाइडिंग के चलते एनएच-44 को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया था। प्रशासन ने लोगों को आगाह किया था कि केवल हाईवे खुलने की सूचना मिलने के बाद ही यात्रा करें।

इससे पहले, 4 जनवरी को बांदीपोरा जिले के एसके पायीन इलाके में भी सेना का एक ट्रक खाई में गिर गया था, जिसमें 4 जवानों की मौत हो गई थी और 2 गंभीर रूप से घायल हुए थे।