ऑपरेशन ब्लू स्टार पर राहुल गांधी ने मानी कांग्रेस की गलती,बोले- इतिहास की जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं

Front-Page National

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 1984 में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर कांग्रेस की भूमिका को एक “गंभीर गलती” करार दिया है। अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुए एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वे कांग्रेस के अतीत की गलतियों की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं, भले ही वे उस समय पार्टी का हिस्सा नहीं थे। यह वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया।

कार्यक्रम में एक सिख युवक ने राहुल गांधी से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि कांग्रेस ने अतीत में सिख समुदाय के खिलाफ कदम उठाए, आनंदपुर साहिब प्रस्ताव को अलगाववादी करार दिया और 1984 के सिख विरोधी दंगों में कई नेता आज भी पार्टी में सक्रिय हैं। राहुल गांधी ने जवाब में कहा, “1980 के दशक में जो हुआ, वह गलत था। मैं नहीं मानता कि सिख आज किसी चीज़ से डरते हैं। मैं कांग्रेस के अतीत की ज़िम्मेदारी लेने को तैयार हूं।”

इस बयान को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा, “अब राहुल गांधी की आलोचना सिर्फ भारत में नहीं, विदेशों में भी होने लगी है।”

गौरतलब है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार जून 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आदेश पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में चलाया गया था। इसका मकसद चरमपंथी नेता जरनैल सिंह भिंडरांवाले और उनके समर्थकों को हटाना था। इस सैन्य कार्रवाई में सैकड़ों लोग मारे गए थे और अकाल तख्त को भी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद इंदिरा गांधी की हत्या हुई, जिससे देशभर में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन दंगों में 3,000 से अधिक सिख मारे गए थे।

राहुल गांधी का यह बयान कांग्रेस के उस इतिहास पर एक बार फिर से बहस छेड़ सकता है, जिसे लेकर सिख समुदाय में आज भी गहरी पीड़ा बनी हुई है।