पाकिस्तान ने फिर किया मिसाइल परीक्षण,भारत की ओर से सुरक्षा इंतज़ाम पुख़्ता

Front-Page National

पाकिस्तान ने सोमवार को सतह से सतह पर मार करने वाली एक और मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। सेना के मुताबिक, इस मिसाइल की रेंज 120 किलोमीटर है। इससे पहले 3 मई को पाकिस्तान ने 450 किलोमीटर रेंज वाली बैलिस्टिक मिसाइल ‘अब्दाली’ के परीक्षण की जानकारी दी थी।

इस बीच, भारत ने भी अपनी सुरक्षा तैयारियों को लेकर कदम तेज़ कर दिए हैं। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर वायुसेना की तैयारियों पर जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयरफोर्स प्रमुख ने बताया कि पश्चिमी सीमा पर डिफेंस नेटवर्क पूरी तरह एक्टिव है और राफेल लड़ाकू विमान तैनात हैं।

उधर, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी ठिकाना ढूंढ निकाला है। पुंछ के सुरनकोट स्थित मारहोट गांव में मिले इस ठिकाने से 5 आईईडी, वायरलेस सेट और कुछ कपड़े बरामद हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह आतंकियों के छिपने की जगह थी।

भारत ने सिंधु जल संधि निलंबित करने के बाद कड़ा कदम उठाते हुए चिनाब नदी पर बने बागलिहार और सलाल डैम के गेट बंद कर दिए हैं। इनसे पाकिस्तान को पानी की आपूर्ति होती थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का यह कड़ा रुख पाकिस्तान के लिए चिंता का कारण बन गया है।