RCB की जीत का जश्न हादसे में बदला,भगदड़ में 11 की मौत,33 घायल

Front-Page National

आईपीएल 2025 में पहली बार खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों में अधिकतर युवा हैं। एबीएम मेडिकल कॉलेज के अनुसार, मृतकों में 5 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं, जिनकी उम्र 13 से 33 वर्ष के बीच थी। अधिकांश की मौत सिर, रीढ़ और पेट में गंभीर चोटों के कारण हुई।

हंगामे की वजह क्या रही?

हादसे के पीछे बड़ी भीड़, फ्री पास की व्यवस्था और प्रशासनिक चूक को जिम्मेदार बताया जा रहा है:

  • RCB की वेबसाइट पर फ्री पास की घोषणा के बाद साइट क्रैश हो गई। कई लोग बिना पास के भी स्टेडियम पहुंच गए।
  • स्टेडियम में घुसने के लिए लोगों ने गेट नंबर 10, 12 और 13 को तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ मच गई।
  • बारिश के बीच नाले पर रखा स्लैब टूट गया। कई महिलाएं और बच्चे गिरकर बेहोश हो गए।
  • भीड़ नियंत्रित करने के लिए करीब 5,000 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन संख्या अपर्याप्त साबित हुई।

राजनीतिक प्रतिक्रिया और कानूनी शिकायत

सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ कब्बन पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आईपीसी की धारा 106 के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं हादसे का बचाव नहीं कर रहा हूं। देश में इससे पहले भी कुंभ जैसे आयोजनों में बड़ी दुर्घटनाएं हुई हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम जिम्मेदारी से बचें।”

इस बीच, भाजपा ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है।