एअर इंडिया विमान हादसे में अब तक 265 शव बरामद,पीएम मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया

Front-Page National

अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एअर इंडिया विमान हादसे में अब तक कुल 265 शव बरामद किए जा चुके हैं। इन मृतकों में 241 यात्री और क्रू मेंबर शामिल हैं, जबकि बाकी पांच शव उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जिस पर विमान गिरा था।

विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर क्रैश हुआ, जहां हादसे के वक्त 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में चार MBBS छात्रों और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि कुल हताहतों की संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है।

DVR मिला, जांच तेज़

गुजरात एटीएस ने विमान के मलबे से फ्लाइट का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) बरामद कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही फॉरेंसिक टीम जांच के लिए मौके पर पहुंचेगी। इसके साथ ही एनएसजी और अहमदाबाद पुलिस की टीमें भी जांच में जुटी हुई हैं। स्निफर डॉग्स की मदद से मलबे में दबे संभावित जीवित लोगों की तलाश जारी है।

पीएम मोदी ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे और सबसे पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वे सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की। वे अस्पताल में करीब 10 मिनट रुके।

विमान में कौन-कौन सवार था?

बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। दो मिनट बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे—इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। यात्रियों में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल थे। इसके अलावा 12 क्रू मेंबर भी विमान में थे।

दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है। अब तक सिर्फ एक यात्री के जीवित बचने की खबर सामने आई है।

कुछ अहम अपडेट्स:

  • मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं।
  • एनएसजी और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की।
  • एयर इंडिया ने चार शहरों—अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक में हेल्प सेंटर बनाए हैं।
  • जानकारी या मदद के लिए भारत से 1800 5691 444 और विदेश से 8062779200 पर संपर्क किया जा सकता है।

CCTV फुटेज में हादसे के 49 सेकंड बाद विमान गिरता दिखा है, जिसे जांच एजेंसियों ने कब्जे में ले लिया है।
इस भयावह दुर्घटना ने देशभर में शोक की लहर दौड़ा दी है और हादसे की वजह जानने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं।