राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र,दलित और अल्पसंख्यक छात्रों की समस्याएं उठाईं

Front-Page National Politics

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देशभर के छात्रों, खासकर दलित, एसटी, ओबीसी, ईबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले युवाओं की शैक्षणिक चुनौतियों की ओर ध्यान दिलाया है।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में छात्रावासों की खराब स्थिति और स्कॉलरशिप में देरी जैसे मुद्दों को उठाया है। उन्होंने कहा कि देश की 90% आबादी से आने वाले छात्रों के लिए शिक्षा हासिल करना आज भी संघर्ष है।

पत्र में राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बिहार के दरभंगा जिले में अंबेडकर छात्रावास का दौरा किया था, जहां छात्रों ने उन्हें कई समस्याएं बताईं। उन्होंने लिखा, “एक कमरे में 6-7 छात्रों को रहना पड़ता है। साफ पानी और टॉयलेट की व्यवस्था बेहद खराब है। मेस की सुविधा भी नाममात्र की है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कॉलरशिप मिलने में देरी हो रही है। उदाहरण के तौर पर राहुल ने कहा कि बिहार में स्कॉलरशिप पोर्टल तीन साल तक निष्क्रिय रहा और वर्ष 2021-22 में एक भी छात्र को छात्रवृत्ति नहीं मिली।

राहुल गांधी ने दावा किया कि दलित छात्रों को मिलने वाली स्कॉलरशिप की संख्या में भी गिरावट आई है। 2023 में जहां 1.36 लाख छात्र लाभान्वित हुए थे, वहीं 2024 में यह संख्या घटकर 0.69 लाख रह गई।

उन्होंने केंद्र सरकार से दो मांगें कीं—पहली, छात्रावासों की स्थिति को सुधारना और दूसरी, स्कॉलरशिप वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी व समयबद्ध बनाना।

राहुल गांधी ने पत्र में लिखा, “जब तक समाज के सबसे कमजोर तबकों के युवाओं को बराबरी का अवसर नहीं मिलेगा, तब तक भारत आगे नहीं बढ़ सकता।”

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 15 मई को दरभंगा में अंबेडकर छात्रावास का दौरा किया था। वह प्रशासन से इजाजत न मिलने के बावजूद हॉस्टल पहुंचे थे और करीब 12 मिनट तक छात्रों से बातचीत की थी। वहां उन्होंने कहा था कि “देश में 90% आबादी के लिए सिस्टम में कोई जगह नहीं है, चाहे वह नौकरशाही हो, शिक्षा या स्वास्थ्य व्यवस्था।”