उत्तर प्रदेश:60,244 नए सिपाहियों को नियुक्ति पत्र,अमित शाह बोले-‘अब गुंडों का नहीं,कानून का राज होगा’

Front-Page National

उत्तर प्रदेश में 60,244 चयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिनमें 15 अभ्यर्थियों को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से जॉइनिंग लेटर दिए। शेष अभ्यर्थियों को लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र सौंपे गए। यह प्रदेश के इतिहास में पुलिस भर्ती की अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति प्रक्रिया मानी जा रही है।

गृहमंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर कहा कि यूपी में अब गुंडों और माफिया की नहीं, कानून की चलेगी। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले पांच वर्षों में राज्य की कानून व्यवस्था इतनी सुदृढ़ हो जाएगी कि किसी भी FIR के तीन साल के भीतर सुप्रीम कोर्ट तक फैसला आ जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा, “जितना पसीना ट्रेनिंग में बहेगा, उतना खून ड्यूटी पर बहेगा”। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 8 वर्षों में 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

इस भर्ती में 12,048 महिला सिपाही शामिल हैं। अभ्यर्थियों को 1,300 बसों से डिफेंस एक्सपो लखनऊ लाया गया। डीजीपी राजीव कृष्ण के अनुसार, अभ्यर्थियों की यात्रा के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिनमें GPS और CCTV कैमरे लगे वाहन शामिल थे।

भर्ती प्रक्रिया पर एक नज़र

  • भर्ती की विज्ञप्ति अक्टूबर 2023 में जारी की गई थी।
  • फरवरी में हुई परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द करनी पड़ी।
  • नई परीक्षा अगस्त 2024 में 5 दिन, 10 पालियों में आयोजित की गई।
  • 48 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
  • परीक्षा 300 अंकों की थी, जिसमें निगेटिव मार्किंग भी लागू थी।
  • 1,74,316 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए बुलाया गया।
  • 13 मार्च 2025 को फाइनल रिजल्ट घोषित हुआ, जिसमें 48,196 पुरुष और 12,048 महिलाएं सफल हुईं।
  • सबसे ज्यादा चयन आगरा (2,349) से, और सबसे कम श्रावस्ती (25) से हुए।

इस कार्यक्रम को आगामी पंचायत चुनावों से पहले भाजपा सरकार के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है, जो युवाओं को रोजगार देने के वादे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।