राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की ओर से नकली और अवैध खाद-बीज माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को उन्होंने श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम पर छापेमारी की, जहां से करीब 30 हज़ार बैग डीएपी (DAP) और अन्य कृषि उत्पाद जब्त किए गए।
गोदाम में ‘कोरोमंडल’, ‘आईपीएल’ और ‘सरदार’ ब्रांड की खाद भारी मात्रा में जमा पाई गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। छापेमारी की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक से पूछताछ शुरू कर दी।
“किसानों की शिकायत के बाद की कार्रवाई”
मंत्री मीणा ने बताया कि उन्हें किसानों की ओर से शिकायतें मिली थीं कि खाद समय पर नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा, “10 दिन पहले आई डीएपी की खेप को किसानों में वितरित करने की बजाय गोदाम में छिपाकर रखा गया था। यह साफ तौर पर नियमों का उल्लंघन है।”
उन्होंने यह भी बताया कि एक ही गोदाम में विभिन्न कंपनियों की खाद रखना अवैध है। उन्होंने गोदाम मालिक को तलब किया है और कहा है कि यदि पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“खुद मौजूद रहकर जांच की निगरानी”
कृषि मंत्री मीणा स्वयं मौके पर मौजूद रहे और जांच की निगरानी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी पूरी जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय करेंगे। इधर, स्थानीय स्तर पर इस छापेमारी की खबर फैलते ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
कई किसानों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध भंडारण पर लगाम लगेगी और उन्हें समय पर खाद मिल सकेगी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि कृषि मंत्री मीणा ने शनिवार रात बीकानेर में भी एक मिलावटी खाद के गोदाम पर छापा मारा था। राज्यभर में नकली खाद और बीज के खिलाफ यह उनका लगातार दूसरा बड़ा अभियान है।

