एअर इंडिया की उड़ानें रद्द,DGCA की सख्ती के बीच फ्लाइट ऑपरेशन पर उठे सवाल

Front-Page National

एअर इंडिया ने तीन प्रमुख उड़ानों को 15 जुलाई तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें — बेंगलुरु से सिंगापुर और पुणे से सिंगापुर — जबकि एक घरेलू उड़ान — मुंबई से बागडोगरा — शामिल है। एयरलाइन ने इस फैसले की जानकारी रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से दी।

साथ ही, एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह 19 रूट्स पर घरेलू उड़ानों की संख्या में कटौती कर रही है। इसके पीछे तकनीकी कारणों और सुरक्षा मानकों की चिंताओं को वजह बताया जा रहा है।

DGCA की चेतावनी: लाइसेंस रद्द हो सकता है

इस बीच, भारत के विमानन नियामक डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एअर इंडिया को कड़ी चेतावनी दी है। नियामक ने कहा है कि यदि फ्लाइट संचालन में गड़बड़ियां जारी रहीं, तो एयरलाइन का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है या उसे रद्द भी किया जा सकता है।

खाड़ी क्षेत्र में तनाव, उड़ानों के मार्ग बदले गए

एअर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के चलते एयरलाइन ने अपनी फ्लाइट्स को ईरान, इराक और इज़राइल के हवाई क्षेत्र से होकर उड़ान भरने से रोक दिया है। इसका असर यूएई, कतर, ओमान और कुवैत जाने वाली उड़ानों पर पड़ सकता है, जो अब वैकल्पिक और लंबा रास्ता लेंगी। यही स्थिति यूरोप और अमेरिका के लिए उड़ानों के साथ भी हो सकती है।

तीन अधिकारियों पर कार्रवाई, नियमों की अनदेखी का आरोप

DGCA ने शनिवार को एअर इंडिया के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाने का आदेश दिया। इन पर क्रू शेड्यूलिंग और सुरक्षा प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन का आरोप है। आरोपों में शामिल हैं:

  • नियमों के खिलाफ क्रू पेयरिंग,
  • अनिवार्य उड़ान अनुभव और लाइसेंसिंग नियमों की अनदेखी,
  • फ्लाइट शेड्यूलिंग प्रोटोकॉल का उल्लंघन।

DGCA ने एअर इंडिया को 10 दिन में इन पर कार्रवाई की रिपोर्ट देने को कहा है। साथ ही, जब तक सुधारात्मक प्रक्रिया पूरी नहीं होती, इन अधिकारियों को किसी भी फ्लाइट सेफ्टी या ऑपरेशन से जुड़े पद पर नियुक्त न करने का निर्देश भी दिया गया है।

देशभर की एविएशन प्रणाली की ‘360 डिग्री’ जांच

DGCA ने पूरे भारतीय विमानन तंत्र की व्यापक जांच का फैसला लिया है। इसके तहत उड़ान संचालन, सुरक्षा, रखरखाव, प्रशिक्षण संस्थान, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एमआरओ जैसी सभी इकाइयों का ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्पेशल ऑडिट’ किया जाएगा। इसका मकसद प्रणाली की कमजोरियों की पहचान कर उन्हें वैश्विक मानकों के अनुरूप दुरुस्त करना है।

लगातार हो रही फ्लाइट रद्द, यात्रियों में नाराज़गी

एअर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी समस्याओं का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 10 दिनों में बोइंग 787 विमान मॉडल की कुल 84 उड़ानें रद्द की गईं। 20 जून को ही आठ उड़ानें निरस्त हुईं। 19 जून को वियतनाम जा रही एक फ्लाइट AI388 को तकनीकी खराबी के चलते बीच रास्ते से दिल्ली वापस लौटाया गया था। वहीं, दिल्ली-पुणे फ्लाइट की वापसी एक पक्षी से टकराने के बाद रद्द कर दी गई।

क्रैश पीड़ितों के परिजनों को मुआवज़ा और DNA मिलान जारी

हाल ही में हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को अंतरिम मुआवज़ा देना शुरू कर दिया गया है। अब तक तीन परिवारों को भुगतान किया जा चुका है। इस हादसे में विमान अहमदाबाद स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल इमारत से टकरा गया था।

DNA मिलान प्रक्रिया भी चल रही है। अब तक 247 शवों के नमूने लिए गए हैं, जिनमें से 232 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। कुछ मामलों में नमूने का मिलान नहीं हो पाने के कारण परिजनों से अन्य रिश्तेदारों के DNA सैंपल मांगे गए हैं।