राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। युवक की पहचान गोविंद प्रजापत के रूप में हुई है, जिसकी सिर पर पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या की गई। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण युवक की लव मैरिज को लेकर ससुराल पक्ष की नाराजगी बताया जा रहा है। पुलिस ने शक के आधार पर मृतक के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना स्थल और शुरुआती जांच
घटना जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे गोविंद जब रोज़ की तरह अपनी चाय की दुकान की ओर जा रहा था, तभी पशु हटवाड़ा चौकी के पास कुछ हमलावरों ने उसे घेर लिया। उसे सड़क पर पटककर पत्थर से सिर कुचल दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
एफएसएल टीम की मदद से जुटाए सबूत
जयसिंहपुरा खोर के एसएचओ मुकेश मीणा ने बताया कि घटनास्थल से एफएसएल टीम ने खून से सना बड़ा पत्थर जब्त किया है, जो हत्या में इस्तेमाल हुआ। मौके से मृतक का बैग, पासबुक, कुछ पैसे और गले में पहनने का ताबीज़ भी बरामद हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्च्युरी भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
लव मैरिज बना रंजिश की वजह?
पुलिस के अनुसार, गोविंद ने एक साल पहले परसवाली ढाणी निवासी पायल सैनी से प्रेम विवाह किया था। दोनों सप्तऋषि कॉलोनी में साथ रहते थे और हाल ही में उनकी एक बेटी भी हुई थी। बताया जा रहा है कि पायल के परिजन इस विवाह से खुश नहीं थे और मृतक परिवार का आरोप है कि उन्हें पहले भी धमकियां दी गई थीं।
परिवार का आरोप, ससुराल वालों ने रची साजिश
मृतक की मां रजनी प्रजापत ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या रणजीत, ओमप्रकाश, अजय और उनके अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर की है। उन्होंने कहा, “गोविंद और पायल की शादी से पायल के परिवार वाले बेहद नाराज़ थे। उन्होंने कई बार हमारे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। मुझे पूरा यकीन है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर मेरी बेटे की हत्या की है।”
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों से हिरासत में पूछताछ जारी है।

