श्रीनगर में सेना का ऑपरेशन महादेव:तीन पाकिस्तानी आतंकी ढेर,अमेरिकी हथियार बरामद

Front-Page National

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित लिडवास इलाके में सोमवार को भारतीय सेना ने तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। सेना की चिनार कॉर्प्स ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत की गई।

सेना के मुताबिक, मारे गए आतंकियों के पास से अमेरिकी निर्मित M4 कार्बाइन, एक AK-47 राइफल और 17 राइफल ग्रेनेड समेत कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं। सेना का कहना है कि आतंकियों की पहचान की जा रही है और शाम तक ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

पहलगाम हमले से हो सकता है कनेक्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन आतंकियों का संबंध 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले से हो सकता है, जिसमें 26 पर्यटकों की जान गई थी और 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। हालांकि सेना ने अभी तक इस संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

उक्त हमले में आतंकी धार्मिक पहचान के आधार पर पर्यटकों को निशाना बना रहे थे। घटना बायसरन घाटी में हुई थी, जो पहलगाम से लगभग छह किलोमीटर दूर है। जांच के दौरान तीन आतंकियों के नाम सामने आए थे— आदिल हुसैन ठोकर (अनंतनाग निवासी), और दो पाकिस्तानी आतंकी: हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान और अली उर्फ तल्हा भाई। इनमें मूसा पाकिस्तान के स्पेशल सर्विस ग्रुप का पूर्व कमांडो रह चुका है। इन दोनों पर 20-20 लाख रुपये का इनाम घोषित है।

बढ़ाई गई सुरक्षा, क्षेत्र में तैनात सुरक्षाबल

सेना के अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर सोमवार सुबह सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इस दौरान दूर से गोलियों की आवाज़ सुनाई दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। घटनास्थल डाचीगाम नेशनल पार्क के पास का इलाका है, जहां फिलहाल सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

इस ऑपरेशन के बाद एनकाउंटर साइट से जारी की गई तस्वीरों में हथियारों का जखीरा देखा जा सकता है। चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऑपरेशन की पुष्टि की है।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनका संबंध इन्हीं आतंकियों से है या किसी अन्य मॉड्यूल से।