बाराबंकी के अवसानेश्वर महादेव मंदिर में भगदड़,करंट से दो श्रद्धालुओं की मौत,29 घायल

Front-Page National

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले में सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर भारी भीड़ के बीच अवसानेश्वर महादेव मंदिर में भगदड़ मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

यह हादसा रविवार देर रात करीब 2:30 बजे जलाभिषेक के दौरान उस समय हुआ, जब मंदिर परिसर में अचानक करंट फैल गया। करंट लगने से अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालु एक-दूसरे को कुचलते हुए गिरने लगे।

बाराबंकी के डीएम शशांक त्रिपाठी के मुताबिक, “कुछ बंदर बिजली के तार पर कूदे, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टिनशेड पर गिर गया। इससे करंट फैल गया।” हादसे में प्रशांत कुमार (16) और रमेश कुमार (35) की जान चली गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) अवधेश यादव ने बताया कि घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। 5 गंभीर घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवज़े का ऐलान किया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय मंदिर परिसर में करीब 3,000 लोग दर्शन के लिए मौजूद थे।

गौरतलब है कि रविवार सुबह ही उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भी भगदड़ मच गई थी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 30 से ज़्यादा घायल हुए थे।