दिल्ली में सोमवार को विपक्षी दलों के करीब 300 सांसदों ने वोटर वेरिफिकेशन और चुनाव में कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकाला। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर संसद मार्ग थाने ले जाया गया।
प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद मिताली बाग की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने उनकी मदद की। इससे पहले, इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ और कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
मार्च संसद के मकर द्वार से शुरू हुआ, जहां सांसद ‘वोट बचाओ’ के बैनर लेकर चल रहे थे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इंडिया ब्लॉक ने इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली थी, इसलिए संसद मार्ग से आगे परिवहन भवन के पास बैरिकेड लगाकर इसे रोक दिया गया।
अखिलेश यादव ने बैरिकेड फांदकर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कई सांसद जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। प्रियंका गांधी, डिंपल यादव समेत कई नेता ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाते देखे गए। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।

