नई दिल्ली, 11 अगस्त। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सोमवार को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के चौथे संस्करण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष तिरंगा अभियान के लिए 5 लाख से ज्यादा युवाओं ने वॉलंटियर के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया है। ये युवा लोगों को तिरंगा अभियान के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि हर घर तिरंगा एक अभियान से कहीं बढ़कर है। यह एक भावनात्मक आंदोलन है, जो 140 करोड़ भारतीयों को हमारे राष्ट्रीय ध्वज के शाश्वत रंगों के तले एकजुट करता है। इसका उद्देश्य देशभक्ति को जगाना, नागरिक गौरव को बढ़ावा देना और हमारे लोकतंत्र एवं स्वतंत्रता के जीवंत प्रतीक के रूप में तिरंगे के महत्व के बारे में जागरुकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों और राष्ट्रीय ध्वज के बीच के रिश्ते को औपचारिक और संस्थागत संबंध से गहरे व्यक्तिगत बंधन में बदलने के लिए संकल्पित, हर घर तिरंगा प्रत्येक भारतीय को भारत की स्वतंत्रता के उत्सव को चिह्नित करते हुए गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करता है।
शेखावत ने कहा कि तिरंगा घर लाना न केवल व्यक्तिगत जुड़ाव की अभिव्यक्ति है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता की भी पुष्टि है। यह हमारी आजादी के लिए किए गए बलिदानों की याद दिलाता है और एकता, अखंडता और प्रगति के मूल्यों को बनाए रखने की प्रतिज्ञा भी है। पिछले तीन वर्षों में उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ हर घर तिरंगा एक जन आंदोलन बन गया है, जिसने स्वतंत्रता दिवस को विविधता में एकता के एक जीवंत, राष्ट्रव्यापी उत्सव में बदल दिया है। वर्ष 2025 का संस्करण हमारी राष्ट्रीय भावना और गौरव को पुष्ट करते हुए और भी अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने का लक्ष्य रखता है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय इस अभियान का नोडल मंत्रालय है। अभियान की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों, शैक्षणिक संस्थानों, सामुदायिक संगठनों और आम जनता के साथ मिलकर काम कर रहा है। नागरिकों को अपने घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने और हैशटैग #HarGharTiranga का उपयोग करके सोशल मीडिया पर तस्वीरों और कहानियों के माध्यम से अपने उत्सवों को साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

