भारत ने बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड को 336 रन से हराया,58 साल बाद एजबेस्टन में पहली जीत

Front-Page Sports

भारतीय क्रिकेट टीम ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 336 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसके साथ ही पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है।

इंग्लैंड को भारत ने जीत के लिए 608 रन का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में मेज़बान टीम आखिरी दिन 271 रन पर सिमट गई। यह इंग्लैंड की धरती पर रन के अंतर से भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। इससे पहले भारत ने 1986 में लीड्स में 279 रन से जीत हासिल की थी।

बर्मिंघम में भारत की यह पहली जीत है। इससे पहले यहां खेले गए आठ टेस्ट मैचों में भारत को सात बार हार मिली थी और एक मैच ड्रॉ रहा था।

पांचवें दिन की शुरुआत बारिश की वजह से करीब डेढ़ घंटे की देरी से हुई। इंग्लैंड ने 72/3 से आगे खेलना शुरू किया और लंच तक अपने तीन विकेट और गंवा दिए। दूसरे सत्र में शेष चार विकेट भी जल्दी गिर गए। भारत की ओर से तेज गेंदबाज आकाश दीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में छह और मैच में कुल 10 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले भारत ने टॉस हारकर पहली पारी में 587 रन बनाए थे, जिसमें कप्तान शुभमन गिल ने शानदार 269 रन बनाए। इंग्लैंड ने पहली पारी में 407 रन बनाए। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी 6 विकेट पर 427 रन पर घोषित की, जिसमें गिल ने एक और शतक (161 रन) जड़ा। उन्होंने मैच की दोनों पारियों में कुल 430 रन बनाए और एक टेस्ट में 400 से अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए।

भारत की यह जीत न सिर्फ श्रृंखला में वापसी का संकेत है, बल्कि इंग्लैंड में उनके बढ़ते आत्मविश्वास की भी मिसाल है।