दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वैन-कार टक्कर में 11 घायल,कार जलकर खाक

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान के अलवर जिले में मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब 7 बजे डीग पुलिस की वैन और एक कार की टक्कर में 11 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

पुलिस के मुताबिक, डीग पुलिस की वैन एक मुल्जिम को लाने के लिए दौसा जिले के सेलावास थाना जा रही थी। वैन में 7 पुलिसकर्मी सवार थे। एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 120-500 के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वैन पलट गई और कार में आग लग गई।

कार में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी गुलफाम (30), उनकी पत्नी हीना (28), साली साहिल, और उनके चार बच्चे अखलद (10), आहिल (8), विदुदू (6) और अब्दुल्ला (4) सवार थे। हादसे में गुलफाम, हीना और साहिल गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि बच्चों को मामूली चोटें आईं।

घायलों को पहले पिनान अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी रिंकू मीणा और विकास को जयपुर रेफर किया गया, जबकि बाकी का इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और उसने सीधे वैन के पिछले हिस्से में टक्कर मारी, जिसके बाद यह हादसा हुआ।