भारत से अमेरिका जाने वाली डाक सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित,29 अगस्त से सभी पार्सल पर कस्टम ड्यूटी अनिवार्य

Front-Page International National

भारतीय डाक विभाग ने 25 अगस्त से अमेरिका के लिए ज्यादातर डाक सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया है। यह कदम अमेरिका के नए कस्टम नियमों के चलते उठाया गया है।

ट्रम्प प्रशासन के 30 जुलाई को जारी एग्जीक्यूटिव ऑर्डर (नंबर 14324) के तहत 29 अगस्त से अमेरिका में जाने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय डाक सामानों पर कस्टम ड्यूटी देनी होगी, चाहे उनकी कीमत कुछ भी हो। अब तक 800 डॉलर (करीब 70,000 रुपए) तक का सामान ड्यूटी-फ्री था, लेकिन नई व्यवस्था में केवल 100 डॉलर (करीब 8,700 रुपए) तक के गिफ्ट आइटम्स को ही छूट मिलेगी।

अभी केवल लेटर, डॉक्यूमेंट और 100 डॉलर तक के गिफ्ट आइटम्स ही भेजे जा सकेंगे। अन्य सभी डाक सेवाओं की बुकिंग पर रोक रहेगी। अमेरिकी कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) की ओर से ड्यूटी वसूली और नियमों को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश न मिलने के कारण हवाई कैरियर्स ने भी 25 अगस्त के बाद डाक सामग्री स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

डाक विभाग ने कहा है कि पहले से बुक किए गए सामान के लिए ग्राहक रिफंड ले सकते हैं। यह रोक अस्थायी है और अमेरिका से स्पष्ट दिशानिर्देश मिलने के बाद सेवाएं बहाल करने की कोशिश की जाएगी।