जोधपुर, 25 अगस्त – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आज भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश न झुकता है, न टूटता है।
वे जोधपुर में मारवाड़ राजपूत सभा के समारोह में वीरांगनाओं को सम्मानित करने के बाद बोल रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।
राजनाथ सिंह ने कहा, “पहले भारत की बातों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया कान खोलकर सुनती है।” उन्होंने यह भी कहा कि देश के सैनिकों का जोश और समर्पण अद्भुत है और यदि भारत को कोई चुनौती देगा, तो उसका मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
रक्षा मंत्री ने शेखावत की सराहना करते हुए कहा, “आपके सांसद कमाल करते हैं। वो केवल संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री नहीं हैं, जरूरत पड़ने पर हर मोर्चे पर सक्रिय रहते हैं।”
समारोह में गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए पश्चिमी राजस्थान में भूमि संबंधी नियमों में रियायत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यहां की भौगोलिक और आर्थिक परिस्थितियां उत्तर प्रदेश से अलग हैं, इसलिए मौजूदा नियमों पर पुनर्विचार होना चाहिए।
कार्यक्रम में राजपूत समाज के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा, राजस्थान के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, पूर्व नरेश जोधपुर गज सिंह और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

