जोधपुर, 25 अगस्त – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारतीय सेना अब केवल जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि दुश्मन को उसकी जमीन पर घुसकर सबक सिखाने की क्षमता रखती है। उन्होंने यह बात जोधपुर के लाल सागर स्थित आर.के. दम्मानी राष्ट्रीय पुनरुत्थान एवं शिक्षा केंद्र में आदर्श डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकादमी के उद्घाटन समारोह में कही।
पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, “आतंकियों ने वहां पर्यटकों से धर्म पूछकर उन्हें मौत के घाट उतारा था, लेकिन हमारी सेना ने आतंकियों को धर्म नहीं, कर्म देखकर मारा।” उन्होंने बताया कि घटना के बाद प्रधानमंत्री की मंजूरी से सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, जिसमें तय लक्ष्यों को सटीकता से भेदा गया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सरकार या सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा, “अगर नागरिक समर्पित रहें, तो देश किसी भी चुनौती का सामना कर सकता है।”
राजनाथ सिंह ने रक्षा, शिक्षा और खेल के संगम को “सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार” बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षा ज्ञान देती है, रक्षा सुरक्षा सुनिश्चित करती है और खेल से अनुशासन और दृढ़ता विकसित होती है।”
समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने की। उन्होंने कहा कि यह अकादमी पश्चिमी राजस्थान के युवाओं को नई दिशा और अवसर प्रदान करेगी। कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

