अहमदाबाद में पीएम मोदी बोले –‘छोटे उद्यमी,किसान, पशुपालक सर्वोपरि’, पहलगाम हमले का जिक्र और 5477 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद में कहा कि उनकी सरकार छोटे उद्यमियों, किसानों और पशुपालकों के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “मेरे देश के छोटे उद्यमी हों, किसान हों या पशुपालक हों, आपका हित मोदी के लिए सर्वोपरि है। चाहे कितना भी दबाव आए, हम झेलने की ताकत बढ़ाते रहेंगे।”

अमेरिका द्वारा 27 अगस्त से भारत पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा के बीच पीएम मोदी ने बिना नाम लिए इस पर भी प्रतिक्रिया दी।

‘पहलगाम का बदला 22 मिनट में लिया’

मोदी ने अपने संबोधन में हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवादियों को बख्शता नहीं। उन्होंने कहा, “पहले आतंकी हमला करते थे और दिल्ली में बैठी कांग्रेस सरकार कुछ नहीं करती थी। लेकिन दुनिया ने देखा है कि पहलगाम का बदला भारत ने कैसे लिया। 22 मिनट में सबकुछ साफ।”

‘गुजरात दो मोहन की धरती’

पीएम ने गुजरात की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख करते हुए कहा, “ये धरती दो मोहन की है – एक सुदर्शन चक्रधारी मोहन यानी श्रीकृष्ण और दूसरे चरखाधारी मोहन यानी बापू। भारत आज इन दोनों के रास्ते पर चलकर निरंतर सशक्त हो रहा है।”

गुजरात में विकास कार्यों का शुभारंभ

मोदी ने 5477 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की, जिनमें साबरमती से कटोसन रोड ट्रेन और कार लोडेड ट्रेन को हरी झंडी दिखाना शामिल है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल देवव्रत आचार्य भी मौजूद थे।

मैन्युफैक्चरिंग हब और GST सुधार

उन्होंने कहा कि गुजरात आज देश का मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है और इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र उभर रहा है। साथ ही उन्होंने जीएसटी सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार दीवाली पर व्यापारी वर्ग को “डबल बोनस” मिलेगा।

पीएम मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रविवार शाम अहमदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने नरोडा से निकोल तक करीब 3 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया।