UN में भारत का पाकिस्तान पर पलटवार,कहा-‘आतंकवाद विदेश नीति का हिस्सा,झूठ से सच नहीं छिपेगा’

Front-Page International National

भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार करते हुए उसे आतंकवाद का प्रायोजक बताया। भारतीय राजनयिक पेटल गहलोत ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने झूठा प्रचार किया और “आतंकवाद को विदेश नीति का हिस्सा बना रखा है।”

गहलोत ने पाकिस्तान के हालिया दावों को खारिज करते हुए कहा कि 9 और 10 मई को हुई लड़ाई में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई एयरबेस तबाह कर दिए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर जले हुए एयरबेस जीत हैं, तो पाकिस्तान उसका जश्न मना सकता है।”

भारत ने साफ किया कि पाकिस्तान के साथ सभी मुद्दे द्विपक्षीय बातचीत से हल होंगे और किसी तीसरे पक्ष की आवश्यकता नहीं है। गहलोत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान आतंकवादियों को सम्मान देता है और उनके जनाजों में सेना के लोग तक शामिल होते हैं।

भारत ने पाकिस्तान से सभी आतंकी शिविर बंद करने और आतंकियों को सौंपने की मांग की। गहलोत ने चेतावनी दी कि भारत ‘परमाणु ब्लैकमेल’ के आगे झुके बिना आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों को जवाबदेह ठहराएगा।

उन्होंने याद दिलाया कि पाकिस्तान ने एक दशक तक ओसामा बिन लादेन को छिपाए रखा था और हाल ही में संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर में पर्यटकों की हत्या के लिए जिम्मेदार आतंकी संगठन को बचाया था।

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री शरीफ ने UN में भारत को दुश्मन बताया, कश्मीर मुद्दा उठाया और दावा किया कि पाकिस्तान संघर्ष में विजयी हुआ था। भारत ने इन दावों को खारिज करते हुए पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाया।