बरेली में ‘I Love Muhammad’ विवाद पर बवाल, 50 लोग हिरासत में, CM योगी ने दी सख्त चेतावनी

Front-Page National

उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार को ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद को लेकर तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौलाना तौकीर रजा सहित 50 लोगों को हिरासत में लिया और छह मुकदमे दर्ज किए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में सख्त लहजे में कहा, “मौलाना भूल गया कि शासन किसका है। वो मानता था कि धमकी देंगे और जबरदस्ती जाम कर देंगे। हमने साफ कह दिया—न जाम होगा, न कर्फ्यू लगेगा। ऐसा सबक सिखाएंगे कि आने वाली पीढ़ियां दंगा करना भूल जाएंगी।”

शुक्रवार को मौलाना की अपील पर भीड़ सड़क पर उतरी थी। पुलिस के रोकने पर पथराव हुआ, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने सख्ती से हालात काबू में किए।

इधर, लखनऊ की सड़कों पर ‘I Love Shri Yogi Adityanath Ji’ और ‘I Love Bulldozer’ लिखे नए होर्डिंग लगाए गए हैं। वहीं, बाराबंकी में देर रात ‘I Love Muhammad’ के पोस्टर फाड़े जाने पर हंगामा हुआ, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही।

यह विवाद 4 सितंबर को कानपुर से शुरू हुआ था, जब बारावफात के जुलूस के दौरान एक समूह ने ‘I Love Muhammad’ का बोर्ड लगाया था। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने बोर्ड हटवाया और कई लोगों पर केस दर्ज किया। धीरे-धीरे यह विवाद अन्य जिलों और राज्यों तक फैल गया, जहां दोनों समुदायों ने अपने-अपने समर्थन में बैनर और नारे लगाए।