जिला कलक्टर ने बापिणी उपखंड में किए सरकारी दफ्तरों के औचक निरीक्षण:पीएचसी,आंगनवाड़ी व उप तहसील की व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश

Rajasthan Rajasthan-Others

फलौदी,17 अक्टूबर। जिला कलक्टर श्वेता चौहान शुक्रवार को बापिणी उपखंड के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने इशरु व मतोड़ा ग्राम पंचायतों में विभिन्न राजकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला कलक्टर ने इशरु स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, रजिस्टर संधारण, ओपीडी रजिस्टर, स्टाफ की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, टीकाकरण व मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित कार्मिकों को नियमित रूप से ओपीडी सेवाएं संचालित करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद इशरु स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को परोसे जाने वाले पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, वजन रजिस्टर तथा शिक्षण-सामग्री की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल आधारित शिक्षण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिला कलक्टर ने मतोड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ से क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतोड़ा उप तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की प्रविष्टियां, नामांतरण, गिरदावरी, दस्तावेजों के संधारण और आमजन को दिए जाने वाले सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता व समयबद्धता बनाए रखें ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने उपखंड में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी अमिता विश्नोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।