बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को बनाया मुख्यमंत्री पद का चेहरा,अशोक गहलोत ने किया ऐलान

Breaking-News Front-Page National Politics

पटना, 23 अक्टूबर — बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी महागठबंधन ने अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है। कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पटना में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया।

गहलोत ने कहा कि “हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। अब NDA को भी यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा। सिर्फ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कहने से काम नहीं चलेगा।”

गहलोत ने यह भी घोषणा की कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है तो वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार में पिछड़े वर्गों से आने वाले और नेताओं को भी उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

घोषणा के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, “मुझ पर फिर से भरोसा जताने के लिए सभी साथियों का दिल से आभार। जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे और 20 साल से चली आ रही निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।”

करीब 50 मिनट तक चली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी समेत सात दलों के 14 नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एकजुटता और बदलाव के संकल्प पर जोर दिया।