राजस्थान सरकार ने व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 48 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव मुख्यमंत्री कार्यालय में हुआ है, जहां अखिल अरोड़ा को नया अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) नियुक्त किया गया है। वहीं शिखर अग्रवाल को उद्योग विभाग में ACS बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री के ACS रहे शिखर अग्रवाल करीब डेढ़ साल बाद अब नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही कई अधिकारियों को प्रमोशन पोस्टिंग दी गई है, जिनमें अन्य सेवा से IAS बने अधिकारी भी शामिल हैं।
प्रमुख बदलावों में प्रवीण गुप्ता को PWD का ACS, आलोक गुप्ता को राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल का अध्यक्ष और दिनेश कुमार को प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
सरकार ने चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, सहकारिता, उद्योग, परिवहन, IT, नगर निगम और कई अन्य विभागों में भी बड़े बदलाव किए हैं। जयपुर और कोटा के नए संभागीय आयुक्तों की नियुक्ति भी आदेशों में शामिल है।
कार्मिक विभाग ने देर रात यह आदेश जारी किए, जिन्हें राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में सबसे बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।

