जयपुर:नीरजा मोदी स्कूल की सीबीएसई संबद्धता रद्द,छात्रा की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई

Breaking-News Jaipur Rajasthan

जयपुर के शिप्रापथ मानसरोवर स्थित नीरजा मोदी स्कूल की सीनियर सेकेंडरी तक की सीबीएसई संबद्धता बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। यह कार्रवाई स्कूल परिसर में एक नाबालिग छात्रा की मौत के मामले में गंभीर सुरक्षा चूक और सीबीएसई के अनिवार्य मानकों के उल्लंघन के बाद की गई।

सीबीएसई के अनुसार, 3 नवंबर 2025 को कक्षा चार की छात्रा स्कूल की चौथी मंजिल से गिर गई थी। घटना के बाद गठित दो सदस्यीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी की जांच में सीसीटीवी निगरानी, कॉरिडोर और खुले क्षेत्रों की सुरक्षा, काउंसलिंग व्यवस्था, एंटी-बुलिंग नीति और स्टाफ निगरानी जैसी व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आईं।

जांच रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद खून से सना स्थान साफ कर दिया गया, जिससे फोरेंसिक जांच प्रभावित हुई। साथ ही, कई कर्मचारी और छात्र बिना पहचान पत्र के पाए गए और मंजिलों पर निगरानी के लिए कोई समर्पित स्टाफ तैनात नहीं था।