राजस्थान के बाड़मेर ज़िले के धोरीमन्ना में शनिवार को जन आक्रोश रैली आयोजित की गई, जिसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शिरकत की। यह रैली धोरीमन्ना और गुड़ामालानी उपखंडों को बाड़मेर ज़िले से अलग कर नवगठित बालोतरा ज़िले में शामिल किए जाने के विरोध में निकाली गई।
रैली में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री और विधायक हरीश चौधरी, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमाराम चौधरी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
सचिन पायलट ने धरने पर बैठे हेमाराम चौधरी की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की भावना को नज़रअंदाज़ कर प्रशासनिक फैसले नहीं लिए जाने चाहिए। उन्होंने ज़ोर दिया कि सरकार को स्थानीय लोगों की सहमति के बिना जिलों की सीमाओं में बदलाव पर पुनर्विचार करना चाहिए।

