राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मदरक्तिम’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। चार महीनों में अभियान की 25वीं कार्रवाई पूरी करते हुए टीम ने राज्य की टॉप-25 सूची में शामिल कुख्यात अंतरराज्यीय तस्कर कंवरलाल को उदयपुर के एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार था और मारवाड़–मेवाड़ क्षेत्र में अफीम व डोडा चूरा तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। मध्य प्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों से मादक पदार्थों की सप्लाई कर वह कई छोटे तस्करों को माल उपलब्ध कराता था।
ANTF को खुफिया जानकारी मिली थी कि आरोपी इलाज के लिए उदयपुर आएगा। इसके बाद अस्पतालों और एंबुलेंस गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। फर्जी नाम से इलाज करा रहे आरोपी को टीम ने दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन मदरक्तिम’ के तहत मादक पदार्थों के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

