अहमदाबाद : साउथ अफ्रीका ने टी-20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान को रोमांचक डबल सुपर ओवर में हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में टूर्नामेंट के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर देखने को मिला।
ग्रुप-डी के इस मैच में दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 6 गेंदों पर 23 रन बनाकर अफगानिस्तान के सामने 24 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई और दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी आउट हो गए। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़े, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने तीन छक्कों की मदद से टीम का स्कोर 23 रन तक पहुंचाया। इससे पहले पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए थे। उस ओवर की आखिरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया था, जिसके बाद मुकाबला डबल सुपर ओवर तक पहुंचा।

