शिवराज सिंह चौहान और भजनलाल शर्मा ने जयपुर से ‘भारत-विस्तार’ लॉन्च किया,एआई से किसानों को तुरंत मिलेगी कृषि जानकारी

Front-Page Jaipur Rajasthan

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘भारत-विस्तार’ का शुभारंभ किया। सरकार का कहना है कि यह पहल कृषि क्षेत्र में डिजिटल बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके जरिए किसानों को उनकी भाषा में खेती से जुड़ी त्वरित और सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि ‘भारत-विस्तार’ के माध्यम से कृषि में डिजिटल क्रांति का शंखनाद हुआ है। उन्होंने बताया कि यह एकीकृत प्लेटफॉर्म किसानों को रियल टाइम मंडी भाव, मौसम पूर्वानुमान, फसल आधारित वैज्ञानिक सलाह, कृषि ऋण, सरकारी योजनाओं की पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी एक ही जगह पर उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि किसान 155261 नंबर पर कॉल करके अपनी समस्याएं पूछ सकेंगे और एआई आधारित प्रणाली से तुरंत समाधान प्राप्त कर सकेंगे। फिलहाल यह सेवा हिंदी और अंग्रेजी में शुरू की गई है, जिसे भविष्य में 11 अन्य भारतीय भाषाओं में भी विस्तारित करने की योजना है। साथ ही इसे आगे चलकर एग्रीस्टैक से जोड़ने की भी तैयारी है, जिससे किसान अपनी फार्मर आईडी के जरिए अपने खेत से जुड़ी जानकारी और समाधान सीधे प्राप्त कर सकेंगे।

‘किसानों की खुशहाली बढ़ाएगा तकनीकी प्लेटफॉर्म’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एआई आधारित ‘भारत-विस्तार’ कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है और इससे किसानों की आय और खुशहाली बढ़ाने में मदद मिलेगी। उनके अनुसार यह प्लेटफॉर्म किसानों को फसल योजना, कीट प्रबंधन, बाजार भाव, मत्स्यपालन, पशुपालन और सरकारी योजनाओं की जानकारी मोबाइल के माध्यम से उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक, ज्ञान और किसान को एक साथ जोड़ने वाला यह डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कृषि सेवाओं को सरल, एकीकृत और भरोसेमंद बनाएगा।

‘प्रधानमंत्री किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध’

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद, फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती, एकीकृत खेती और कृषि विविधीकरण जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों के हितों पर किसी तरह की आंच नहीं आने दी जाएगी।

राजस्थान के कृषि नवाचारों की सराहना

चौहान ने राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान कृषि क्षेत्र में नवाचारों के जरिए नई दिशा दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई के क्षेत्र में राज्य देश में अग्रणी बनकर उभरा है और तकनीक आधारित प्रयासों से रेगिस्तानी क्षेत्रों में भी कृषि को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कृषि के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड और दुग्ध उत्पादक संबल योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे किसानों और पशुपालकों को आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

एआई हैकथॉन और कृषि रोडमैप भी लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान ‘एआई हैकथॉन’, ‘एग्री कोष’ एआई रणनीति रोडमैप और कृषि से जुड़ी डिजिटल पहलों का भी अनावरण किया गया। लाइव डेमो में किसानों ने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अपनी समस्याएं रखीं और एआई प्रणाली से तत्काल जवाब प्राप्त किया।

सरकार के अनुसार ‘भारत-विस्तार’ एक बहुभाषी, एआई आधारित संवादात्मक प्रणाली है, जो कृषि योजनाओं, मौसम विभाग, मंडी मूल्यों, अनुसंधान संस्थानों और राज्य प्रणालियों की जानकारी को एकीकृत कर किसानों को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराएगी। अधिकारियों का कहना है कि इसका उद्देश्य किसानों की उत्पादकता बढ़ाना, जोखिम कम करना और उन्हें तकनीक आधारित सलाह के जरिए आत्मनिर्भर बनाना है।