काबुल: अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने राजधानी काबुल में हवाई हमले किए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक हमले सोमवार रात किए गए और कई इलाकों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने काबुल के कुछ इलाकों को निशाना बनाया, जिनमें एक नशा मुक्ति अस्पताल भी शामिल है। उन्होंने इस कार्रवाई को “मानवता के खिलाफ अपराध” बताते हुए कहा कि यह अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन है।
अफगान अधिकारियों के अनुसार दारुलअमान, खैरखाना और काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास कई स्थानों पर धमाके और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। एक बड़े अस्पताल को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्रीशहबाज़ शरीफ़ के प्रवक्ता मोशर्रफ़ ज़ैदी ने कहा कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया और लगाए गए आरोप “बेबुनियाद” हैं।
इस बीच अफगानिस्तान के क्रिकेटरराशिद खान ने सोशल मीडिया पर इन हमलों की निंदा करते हुए संयुक्त राष्ट्र से मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के इलाकों पर हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत गंभीर अपराध माने जाते हैं।
दोनों देशों के बीच हाल के हफ्तों में तनाव बढ़ा है। पाकिस्तान का कहना है कि उसने अफगानिस्तान में उन ठिकानों को निशाना बनाया है जहां सेतहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) जैसे समूह पाकिस्तान के खिलाफ हमलों की योजना बनाते हैं। वहीं तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है।
संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों के अनुसार हालिया संघर्ष और सैन्य कार्रवाइयों के कारण हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं और सीमा क्षेत्रों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

