‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद में बहस तय,लोकसभा में 28 और राज्यसभा में 29 जुलाई को चर्चा

Front-Page National

संसद के मानसून सत्र में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोकसभा में 28 जुलाई और राज्यसभा में 29 जुलाई को चर्चा होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों सदनों में बहस के लिए 16-16 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

21 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र के पहले तीन दिनों में विपक्ष ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और बिहार में वोटर वेरिफिकेशन जैसे मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा किया। इन तीन दिनों में संसद की कार्यवाही मुश्किल से आधे घंटे भी नहीं चल सकी।

बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “सरकार कहती है कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है, जबकि डोनाल्ड ट्रम्प 25 बार कह चुके हैं कि उन्होंने सीजफायर कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पर अब तक कुछ नहीं कहा, ऐसा लगता है दाल में कुछ काला है।”

इससे पहले बिहार वोटर वेरिफिकेशन के मुद्दे पर भी सदन में विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। वे काले कपड़े लहराते हुए वेल में आ गए। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने नाराज़गी जताते हुए कहा, “सड़क का व्यवहार संसद में न करें।”

हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।