राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के सांभर लेक स्थित पीएम श्री दरबार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में “आंगनबाड़ी चलो अभियान” के तहत आयोजित प्रवेश उत्सव और विदाई समारोह में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ समय बिताया और नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, विद्यालय से आगे की पढ़ाई के लिए जा रहे बच्चों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों और उनके उत्साह को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को बिना तनाव के, खेल-खेल में शिक्षा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके कार्य की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ इतिहास, संस्कृति और संस्कारों की शिक्षा देने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वालों और 12वीं कक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में बनी प्याऊ का उद्घाटन किया और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया।
मॉरिशियस प्रतिनिधिमंडल ने दिया कुमारी से की मुलाकात, संस्कृति संरक्षण पर हुई चर्चा
जयपुर में मॉरिशियस से आए गहलोत राजपूत महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान पारंपरिक स्वागत के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर चर्चा हुई। दिया कुमारी ने प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि विदेश में रहकर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना सराहनीय है।
प्रतिनिधिमंडल ने भी राजस्थान से अपने सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई और भविष्य में ऐसे संवाद जारी रखने की इच्छा व्यक्त की।

