कांग्रेस पर बरसे भजनलाल शर्मा,बोले—डॉ. भीमराव अंबेडकर को समय पर भारत रत्न नहीं दिया,संविधान का सबसे अधिक उल्लंघन कांग्रेस ने किया

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर, 14 अप्रेल। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया। पहले कांग्रेस ने बाबा साहेब को टिकिट नहीं दिया। फिर उन्हें हराने की कोशिश की और उन्होंने बाबा साहेब को भारत रत्न भी नहीं दिया। शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब को 1990 में भाजपा समर्थित सरकार ने भारत रत्न प्रदान किया, जो कि उन्हें बहुत पहले मिल जाना चाहिए था। लेकिन गांधी परिवार खुद को ही भारत रत्न देने में इतना व्यस्त रहा कि वे बाबा साहेब को भूल ही गए। उन्होंने नेहरू जी और इंदिरा जी को तो भारतरत्न दे दिया लेकिन बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो दल दशकों तक देश पर शासन करता रहा, उसी कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के पुरोधा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ ही सबसे बड़ा अन्याय किया। जीवनकाल में कभी भी कांग्रेस से उचित सम्मान नहीं मिलने के कारण ही उन्हें मंत्रिमंडल से मजबूरन इस्तीफा देना पड़ा था। कांग्रेस ने वोट की राजनीति के लिए ही वंचित और पिछड़ों की बात की। कांग्रेस ने ही बाबा साहेब के बनाये संविधान का सबसे ज्यादा उल्लंघन किया।