लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लाड़पुरा में 84 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

Kota Rajasthan Rajasthan-Others

कोटा, 21 अप्रैल। कोटा के लाड़पुरा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 84 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। शिवपुरी धाम के पास आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी और वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं का समाधान करेंगी। उन्होंने कहा कि लाड़पुरा में लंबे समय से जिन अभावों और चुनौतियों का सामना लोग कर रहे थे, उन्हें दूर करने के लिए अब ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्येक कॉलोनी तक सड़क, पेयजल, बिजली और बेहतर आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य आगे बढ़ रहा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि अब विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के किए जा रहे हैं। जनता के विश्वास को ध्यान में रखते हुए हर क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। लाड़पुरा क्षेत्र को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए ग्रीनफील्ड प्लानिंग अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले 20 वर्षों को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर, नालियों, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं के विस्तार की व्यापक योजना बनाई गई है। वर्तमान में ही क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रगति पर हैं।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से कोटड़ी तालाब लिंक रोड, करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से रायपुरा से थेकड़ा तक सड़क चौड़ीकरण, थेकड़ा मुख्य नहर पर नई पुलिया तथा उम्मेदगंज से डाढ़ देवी तक 5 किमी सीसी रोड सहित कई कार्यों का शुभारंभ किया गया।

बिरला ने कहा कि इन कार्यों से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि किसानों और आमजन को भी बड़ी राहत मिलेगी। डाढ़ देवी मंदिर मार्ग के विकास से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अस्पताल, पार्क, खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। उद्देश्य है कि हर नागरिक को उसके नजदीक ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और जीवन स्तर में सुधार आए।

जनता के धन का हो पारदर्शी उपयोग

लोकसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता का धन जिम्मेदारी के साथ खर्च होना चाहिए और उसका अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचे, यह प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कोटा बेहतर कनेक्टिविटी, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र में अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा।

कार्यक्रम के बाद लोकसभा अध्यक्ष ने रायपुरा चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के स्थल का निरीक्षण भी किया, ताकि आने वाले समय में यातायात को और बेहतर बनाया जा सके।

पिछली सरकार में हुई लाडपुरा क्षेत्र की अनदेखी – कल्पना देवी

कार्यक्रम में विधायक कल्पना देवी ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में लाड़पुरा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कोटड़ी तालाब लिंक रोड से करीब 8 लाख लोगों को लाभ मिलेगा, वहीं रायपुरा-थेकड़ा सड़क चौड़ीकरण और पुलिया निर्माण से किसानों को मंडी पहुंचने में सुविधा होगी। इसके अलावा उम्मेदगंज में अस्पताल, पॉलिटेक्निक कॉलेज और फायर स्टेशन की स्थापना भी प्रस्तावित है।

कल्पना देवी ने कहा कि पिछली सरकार में लाड़पुरा क्षेत्र की अनदेखी की गई। पूर्व सरकार ने 3500 करोड़ रुपये के बजट का बड़ा हिस्सा केवल रिवरफ्रंट और सौंदर्यीकरण पर खर्च किया, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसती रही। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने कोटा क्षेत्र में लगभग 2500 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं। अकेले लाड़पुरा विधानसभा में अब तक 712 करोड़ रुपये की लागत से 212 विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है और ‘अमृत 2.0’ सहित अन्य योजनाओं पर भी कार्य जारी है।

एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के प्रयासों से एयरपोर्ट का शिलान्यास हो चुका है और कार्य तेजी से जारी है। अगले वर्ष के अंत तक कोटा से उड़ानें शुरू होने की पूरी उम्मीद है।

चन्द्रलोई नदी पर पुलिया का पुनर्निर्माण

इसी क्रम में लोकसभा अध्यक्ष ने कैथून में चन्द्रलोई नदी पर पुलिया पुनर्निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि कैथून और कोटा का गहरा संबंध है और इस क्षेत्र के विकास को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कैथून एवं आसपास की आठ पंचायतों में करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। प्रत्येक पंचायत में सामुदायिक भवन, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

बिरला ने कहा कि क्षेत्र के अंतिम खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए लिफ्ट योजना का विस्तार किया जा रहा है, जिसे सौर ऊर्जा से संचालित करने की दिशा में भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अस्पताल का कार्य प्रगति पर है और जल्द ही कन्या महाविद्यालय भी शुरू किया जाएगा। साथ ही आधुनिक खेल मैदान का निर्माण कर युवाओं को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सुनीता व्यास, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, प्रदेश महामंत्री एस.सी. मोर्चा अशोक मीणा, योगेन्द्र नन्दवाना अल्कू, निवर्तमान नगर पालिका चेयरमैन हरिओम पुरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।