लक्ष्य पूरा होने तक बंद न हों खरीद केंद्र: लोकसभा अध्यक्ष;गेहूं खरीद बढ़ाने के निर्देश

Kota Rajasthan

कोटा, 21 अप्रेल। कोटा-बूंदी क्षेत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सीएडी सभागार में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), राजफैड, तिलमसंघ, एनसीसीएफ और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में बिरला ने मंडियों एवं सभी खरीद केन्द्रों में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफसीआई सहित सभी खरीद एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि एमएसपी पर बेचने के लिए गेहूं लेकर मंडी एवं खरीद केन्द्र पर आए किसान को खाली हाथ नहीं लौटना पड़े। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने में किसानों को कोई समस्या नहीं आए, अधिकारी इसका ध्यान रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक जिले का तय लक्ष्य पूरा न हो, कोई भी खरीद केंद्र बंद न किया जाए।
बिरला ने कहा कि आगामी दिनों में गेहूं की खरीद दुगुनी होने की संभावना को देखते हुए गेहूं के उठाव एवं गोदामों में अनलोडिंग की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि एफसीआई के गोदामों के बाहर गाड़ियां दो दिन से अधिक खड़ी नहीं रहे, इसके लिए एफसीआई गोदामों में लेबर बढ़ाई जाए। उन्होंने राजफैड एवं तिलमसंघ को निर्देश दिए कि एक रेक की क्षमता के गेहूं की खरीद पूरी होने पर एफसीआई अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर क्रय केन्द्रों से गेहूं रेलवे यार्ड तक पहुंचाया जाए ताकि वहां से रेक की व्यवस्था की जा सके।
लॉजिस्टिक और भंडारण व्यवस्था पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बारदाने के अभाव में किसानों के गेहूं की तुलाई नहीं हो, ऐसा नहीं होना चाहिए। कोटा-बूंदी में बारदाने की कोई कमी नहीं हो, अधिकारी यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग शीघ्र अपने स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर बारदाना खरीद के लिए वर्क ऑर्डर जारी करे। उन्होंने इस संबंध में शासन सचिव सहकारिता डॉ. समित शर्मा एवं खाद्य सचिव श्री अम्बरीश कुमार से फोन पर बात कर उन्हें निर्देश दिए कि बारदाना की समस्या का समाधान कर गेहूं की खरीद बढ़ाएं। उन्होंने एफसीआई अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि राजफैड सहित अन्य एजेंसियों को यदि खराब बारदाना उपलब्ध कराया गया है तो उसे वापस लिया जाए।
बिरला ने एमडी राजफैड सौरभ स्वामी से बात कर जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं होने तक राजफैड के किसी भी खरीद केन्द्र को बंद नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी खरीद का लक्ष्य पूरा हो जाए तो भी राजफैड उसे तब तक खुला रखें जब तक पूरे जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हो। उन्होंने मंडियों में जिंसों की आवक, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, तुलाई और खरीद प्रक्रिया को सरल व सुचारू बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने खरीद केन्द्रों पर तुलाई कांटों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ ही, मंडियों में तिरपाल, छाया-पानी इत्यादि का इंतजाम करने के निर्देश मंडी सचिवों को दिए।
बैठक में एफसीआई के जीएम विजय चौधरी ने बताया कि कोटा संभाग में गेहूं खरीद का जो लक्ष्य रखा गया है उसके अनुसार खरीद की पूरी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों से गेहूं के उठाव के लिए रेक की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, रोड़ ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भी गेहूं भेजा जा रहा है।
बैठक में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, प्रदेश महामंत्री एस सी मोर्चा राजेश रायपुरिया, योगेंद्र नंदवाना अल्कू, जयवीर सिंह, मण्डल अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, लाखन मीणा, नरेन्द्र मीणा, जसबीर सिंह, उप प्रधान ओम नागर अड़ूसा, जिला महामंत्री किसान मोर्चा मुरली मनोहर नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष छितर लाल राणा, भैरुलाल नागर, हेमराज नागर, लोकेश बागड़ा सहित एफसीआई, राजफैड, तिलम संघ, सहकारिता, रसद विभाग आदि के अधिकारी उपस्थित रहे।