नशे के नेटवर्क पर ANTF का बड़ा वार, करोड़ों की MD बनाने वाला केमिकल जब्त:राजस्थान से हैदराबाद तक फैले नेटवर्क का खुलासा, 234 किलो प्रतिबंधित रसायन बरामद

Jaipur Rajasthan

राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की MD ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित रसायन “2-ब्रोमो-4-मेथाइल प्रोपियोफेनोन” की बड़ी खेप जब्त की है। ANTF और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 234 किलो केमिकल बरामद किया गया है।

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि यह खेप तेलंगाना के हैदराबाद से राजस्थान लाई जा रही थी, जहां इसका इस्तेमाल सिंथेटिक ड्रग MD बनाने में किया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद रसायन से लगभग 60 किलो MD तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

1500 किलोमीटर तक चला पीछा

जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि गुजरात नंबर के एक टैंकर में प्रतिबंधित रसायन भरकर राजस्थान लाया जा रहा है। इसके बाद एएनटीएफ ने अपने मुखबिर तंत्र और स्थानीय नेटवर्क की मदद से टैंकर की निगरानी शुरू की।

हैदराबाद से नांदेड़, जलगांव, धुले, वडोदरा, अहमदाबाद और सांचौर होते हुए यह टैंकर राजस्थान पहुंचा। करीब 1500 किलोमीटर तक चली निगरानी के बाद एएनटीएफ की टीम ने गुड़ामालानी इलाके के पास टैंकर को कब्जे में ले लिया।

तलाशी के दौरान टैंकर में छिपाकर रखे गए छह ड्रम और 12 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें प्रतिबंधित केमिकल भरा हुआ था। कार्रवाई के दौरान NCB की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाड़मेर निवासी दिनेश विश्नोई और बालोतरा निवासी कमलेश विश्नोई के रूप में हुई है। एजेंसियां अब इस नेटवर्क के दूसरे सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच कर रही हैं।

“नशे की जड़ पर प्रहार”

आईजी एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने कहा कि एजेंसी अब केवल तैयार ड्रग्स ही नहीं, बल्कि उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रीकर्सर केमिकल्स पर भी कार्रवाई कर रही है। उनके मुताबिक, “अगर कच्चे माल की सप्लाई रोक दी जाए, तो नशे का नेटवर्क अपने आप कमजोर पड़ जाएगा।”

उन्होंने कहा कि एएनटीएफ और NCB की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं और इसके तार राजस्थान, गुजरात, गोवा और हैदराबाद तक जुड़े होने की आशंका है।