राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181:CM भजनलाल शर्मा ने परिवादी से की बात,चंद घंटों में ठीक हुई क्षतिग्रस्त पाइपलाइन

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 9 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं का समाधान, प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 प्रत्येक नागरिक की शिकायत के समाधान का त्वरित माध्यम बने तथा आमजन को समयबद्ध राहत मिल सके।

शुक्रवार को जयपुर के शासन सचिवालय स्थित ’राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181’ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गंगापुरसिटी के विकास कुमार से फोन पर उनके क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना एवं परिवादी को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए, जिसकी अनुपालना में स्थानीय प्रशासन द्वारा कुछ घंटे बाद ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री वीडियो कॉल के जरिये भी झालावाड़ के परिवादी अनीष एवं सवाईमाधोपुर के परिवादी रिंकू कुमार से सीधे रूबरू हुए। इस दौरान परिवेदना से संबंधित विभाग के अधिकारी भी वीडियो कॉल पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परिवादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उसके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं को सीधे सुनने तथा उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

नेक्स्ट जनरेशन ‘संपर्क GPT’ की कार्यप्रणाली का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने नेक्स्ट जनरेशन राजस्थान संपर्क की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने शिकायतों के विश्लेषण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘संपर्क GPT’ के कार्यों और विश्लेषण क्षमता का निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायतों के विश्लेषण पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभागों को तकनीक आधारित विश्लेषण का उपयोग कर जनसमस्याओं के मूल कारणों की पहचान करनी चाहिए। इससे जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे और आमजन को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रात्रि में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को आपात स्थिति मानते हुए संबंधित अधिकारी से समन्वय कर तत्काल समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने राजस्थान संपर्क पर प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं की विभागवार प्रभावी मॉनिटरिंग करने एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के विश्लेषण के माध्यम से आमजन की प्रमुख समस्याओं और उन क्षेत्रों की पहचान की जानी चाहिए, जहां नागरिकों को बार-बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग इन पहलुओं का आकलन कर समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करें, ताकि शिकायतों के निस्तारण के साथ ही उनकी पुनरावृत्ति भी रोकी जा सके।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान क्वालिटी परफॉरमेंस डेशबोर्ड, हेल्पलाइन सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीकरण, फॉलो-अप एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हेल्पलाइन के कार्मिकों से समय-समय पर फीडबैक लिया जाए एवं अच्छा काम करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित भी किया जाए।