कोटा/इटावा/सुल्तानपुर, 2 सितम्बर।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा जिले में आयोजित विभिन्न वीर तेजाजी महाराज मेलों में शिरकत कर लोकदेवता तेजाजी को नमन किया और कहा कि उनका जीवन साहस, संघर्ष, सत्य और वचनबद्धता का अद्वितीय उदाहरण है।
बिरला इटावा में श्री वीर तेजाजी डोल मेले, सुल्तानपुर में तेजाजी मेला और नान्ता स्थित तेजाजी महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा के लिए दिया गया तेजाजी महाराज का वचन और उसके लिए किया गया बलिदान आज भी समाज को प्रेरित करता है। यही कारण है कि राजस्थान के गाँव-गाँव में उनके प्रति गहरी आस्था है और हर वर्ष मेलों का आयोजन होता है।
इस दौरान बिरला ने कहा कि लोकदेवताओं और महापुरुषों के आदर्शों से ही समाज में सत्य, त्याग और धर्म के संस्कार जीवित हैं। उन्होंने भगवान राम, श्रीकृष्ण, बाबा रामदेवजी, ज्योतिबा फुले और डॉ. भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी ने अपने समय में समाज को नई दिशा दी और समानता, शिक्षा व न्याय की परंपरा को मजबूत किया।
इटावा के युवाओं की नवाचार क्षमता का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि यह क्षेत्र कृषि उद्योग और ड्रोन तकनीक का केंद्र बन सकता है। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
सुल्तानपुर के मेले में उन्होंने घोषणा की कि बीमार और घायल गौ माताओं की सेवा के लिए शीघ्र ही एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही हाल की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और परिवारों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
बिरला ने कहा कि तेजाजी महाराज की वचनबद्धता और सेवा का संदेश आज भी समाज को प्रेरित करता है और इन्हीं आदर्शों पर चलकर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है।

