जयपुर में जी किशन रेड्डी ने खनिज परियोजनाओं की समीक्षा की,सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स में रेयर अर्थ तत्वों के अन्वेषण पर जोर

Jaipur Rajasthan

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आज जयपुर में एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। जी. किशन रेड्डी ने समीक्षा बैठक में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, पश्चिमी क्षेत्र तथा भारतीय खान ब्यूरो, राजस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। 

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, पश्चिमी क्षेत्र की समीक्षा के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री ने मुख्य रूप से सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स में चल रही अन्वेषण गतिविधियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स में दुर्लभ मृदा तत्वों (REE) के अन्वेषण हेतु एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया, जिसे भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा अन्य संगठनों एवं राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र गति से क्रियान्वित किया जाए।

जी. किशन रेड्डी ने अन्वेषण कार्यों को प्रभावित करने वाली चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे विषयों को समयबद्ध समाधान हेतु राज्य सरकार के समक्ष उठाया जाए।

केंद्रीय मंत्री ने अन्वेषण गतिविधियों की गति बढ़ाने तथा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर तार्किक निष्कर्ष तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण को महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण पर विशेष ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

भारतीय खान ब्यूरो की समीक्षा के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री ने वैज्ञानिक खान बंदी योजना (Mine Closure Plan) के उचित क्रियान्वयन तथा राजस्थान में नमूनों के त्वरित विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला सुविधाओं की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में खान मंत्रालय, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण तथा भारतीय खान ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्रालय ने सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थित खनिज अन्वेषण तथा देश के खनिज संसाधनों के सतत विकास हेतु विश्वसनीय भू-वैज्ञानिक आंकड़ों के सृजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।