‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ की शुरुआत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर में जल संरक्षण का दिया संदेश

Bharatpur Rajasthan Rajasthan-Others
भरतपुर/जयपुर, 25 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सोमवार को गंगा दशमी के पावन अवसर पर भरतपुर स्थित गंगा माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को गंगाजल, तुलसी के पौधे, श्रीफल एवं प्रसाद वितरित कर भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री किला दरवाजे से गंगा माता मंदिर तक पैदल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर में संचालित विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मार्ग में आमजन, व्यापारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के अनुरूप मुख्यमंत्री ईवी बस से सुजान गंगा पहुंचे। यहां उन्होंने पौधारोपण तथा दीपदान कर जल संरक्षण का आह्वान किया। दीपदान के दौरान नहर किनारे स्थित चौपाटी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी और पूरा वातावरण श्रद्धा एवं उत्साह से सराबोर हो गया।

उन्होंने भरतपुर प्रवास के दौरान 14 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 8 करोड़ 73 लाख रुपये के श्री गंगा मंदिर के जीर्णाेद्धार एवं मरम्मत कार्य, 3 करोड़ 71 लाख रुपये के गंगा मंदिर के अग्रभाग के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास तथा सुजान गंगा नहर में 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से विकसित फ्लोटिंग म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक शैलेन्द्र सिंह, बहादुर सिंह कोली, ऋतु बनावत एवं नौक्षम चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।