एनडीए बैठक में बोले मोदी-‘देश कांग्रेस के दौर से आगे बढ़ा’,सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हुआ सम्मान

Front-Page National

नई दिल्ली:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का रिकॉर्ड बनाने के बाद बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए नेताओं की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान एनडीए ने उनके नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर एक अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया।

बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इस मुकाम तक पहुंचेंगे। उन्होंने इसे देशवासियों की सेवा का अवसर बताते हुए कहा कि जनता ही उनके लिए ईश्वर का स्वरूप है और सार्वजनिक जीवन को वह एक साधना के रूप में देखते हैं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लंबे समय तक देश को यह विश्वास दिलाया गया कि भारत में विकास की गति धीमी ही रह सकती है। उन्होंने कहा कि जिस दौर को कभी ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ कहा गया, उसे वास्तव में ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ कहा जाना चाहिए क्योंकि उस समय न नीति थी, न नीयत और न ही निर्णय लेने की क्षमता।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में लोगों ने एनडीए पर भरोसा जताया था और पिछले 12 वर्षों में सरकार ने उस विश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की बदौलत 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और एक नया मध्यम वर्ग उभरकर सामने आया है।

मोदी ने बुनियादी ढांचे के विस्तार को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया। उनके अनुसार 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। इसी अवधि में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क 1,000 किलोमीटर से बढ़कर 6,700 किलोमीटर और मेट्रो सेवाएं 5 शहरों से बढ़कर 20 से अधिक शहरों तक पहुंच गई हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को केवल दुनिया की बराबरी नहीं करनी है, बल्कि उससे आगे निकलने का लक्ष्य रखना है। उन्होंने ग्रीन एनर्जी, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रक्षा उत्पादन और ‘मेक इन इंडिया’ विमान निर्माण जैसे क्षेत्रों को भविष्य की प्राथमिकताओं में बताया।

बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री के सम्मान में अभिनंदन प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने किया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया।

इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी प्रधानमंत्री के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड पर एक प्रस्ताव पारित कर उन्हें बधाई दी। प्रस्ताव में कहा गया कि 10 जून 2026 भारतीय लोकतंत्र की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि के साथ देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के लगातार निर्वाचित कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।