राजस्थान में पांचना बांध के पानी को लेकर चल रहे विवाद के समाधान के लिए राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। जल बंटवारे और कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर गुरुवार को भरतपुर में दोनों जिलों के किसान प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है।
इससे पहले भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में पांचना बांध के जल प्रबंधन, कमांड और कैचमेंट क्षेत्र के हितों तथा मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सवाई माधोपुर और करौली के जिला कलेक्टरों के साथ सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि विवाद का समाधान संवाद और आपसी सहमति के जरिए निकालने की कोशिश की जा रही है, ताकि दोनों जिलों के किसानों के हितों का संतुलन बना रहे।
संभागीय आयुक्त ने बताया कि किसान प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठक में जल बंटवारे के मुद्दे पर सर्वसम्मति बनाने की कोशिश होगी। वहीं सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर काना राम ने किसानों से अपील की है कि वे बैठक में शामिल होकर सकारात्मक और स्थायी समाधान की दिशा में सहयोग करें।

