विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026:एसआईआर में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील — जिला निर्वाचन अधिकारी ने साझा किए दिशा-निर्देश

Rajasthan Rajasthan-Others

फलौदी, 30 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) श्वेता चौहान ने गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण — 2026 (SIR) को लेकर चर्चा की तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश साझा किए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर के दौरान सभी राजनैतिक दलों से सहयोग अपेक्षित है। राजनैतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ता एसआईआर के दौरान समुचित सहयोग करें ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अपेक्षित गतिविधियां समयबद्ध ढंग से संपादित की सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण —2026 की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने, नई प्रविष्टियों को शामिल करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्र हेतु सम्बन्धित राजनैतिक दलों के BLA-1 द्वारा BLA-2 की नियुक्ति अनिवार्यतः की जानी है। यह विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में पारदर्शिता और सहभागिता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि वे समय पर बीएलए-2 की नियुक्ति करें और क्षेत्रीय स्तर पर मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा 27 अक्टूबर 2025 को कर दी गई है। राज्य में 28.10.2025 से कार्यक्रम आरंभ हो चुका है यह कार्यक्रम राजस्थान में 23 वर्ष पूर्व अंतिम बार 2002 में किया गया था। अतः उस वर्ष की मतदाता सूची को इस बार के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम हेतु आधार बनाया गया है। इस कार्यक्रम में बीएलओ के द्वारा प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर एक पूर्व मुद्रित गणना प्रपत्र प्रत्येक मतदाता से दो प्रतियों में आवश्यक दस्तावेज की जांच करते हुए भरवाया जायेगा। एक प्रति बतौर रसीद मतदाता को दी जायेगी एवं द्वितीय प्रति बीएलओ द्वारा ऑनलाईन करने के उपरांत चुनाव कार्यालय में जमा करवायी जायेगी।

उन्होंने कहा कि मतदाता अपना गणना प्रपत्र ECI द्वारा अनुमोदित पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी ऑनलाईन कर सकता है। जिसका सत्यापन बीएलओ द्वारा बीएलओ एप्प के माध्यम से किया जायेगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गये विभिन्न प्रश्नों, भ्रान्तियों एंव समस्याओं का समाधान किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि किसी भी स्थिति में कोई भी मतदाता गणना प्रपत्र भरने से वंचित न रहें।

भ्रामक खबरों व अफवाहों से बचें

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर भ्रामक व झूठी अफवाहों व खबरों से ध्यान न दें तथा इस प्रकार की अफवाहें आदि सामने आने पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सूचित करें। निर्वाचन से संबंधित सभी गतिविधियाँ निर्वाचन आयोग के दिशा— निर्देशों के अनुरूप एवं निष्पक्षता की भावना से संपन्न की जाएंगी।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय, ई.आर.ओ पूजा चौधरी, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि के रूप में फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, जनप्रतिनिधि प्रकाश छंगाणी एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।