पीएम विकसित भारत रोजगार योजना:मोदी ने 15 लाख युवाओं को ₹2400 करोड़ दिए,बोले- युवाओं के हुनर से बनेगा विकसित भारत

Front-Page Jaipur National Rajasthan

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PM-VBRY) के तहत देशभर के 15 लाख युवाओं को करीब 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का विकसित राष्ट्र बनने का सपना युवाओं के हुनर, कौशल और सामर्थ्य से ही पूरा होगा।

दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह योजना सिर्फ रोजगार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने और उद्योगों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, इस योजना के जरिए अब तक 70 लाख से ज्यादा रोजगार सृजित किए जा चुके हैं और 20 लाख से अधिक युवा अपनी पहली नौकरी में छह महीने पूरे कर चुके हैं।

मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में शामिल है और सरकार युवाओं को अवसरों से जोड़ने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप, डिजिटल इकोनॉमी, मैन्युफैक्चरिंग और नई तकनीकों पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश में अब 2 लाख से ज्यादा स्टार्टअप सक्रिय हैं और 40 देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) भारतीय उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर खोल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ‘सिक्योर एंप्लॉयमेंट’ और ‘सोशल सिक्योरिटी’ है। इसी दिशा में ईपीएफओ, पेंशन और श्रम सुधारों को तकनीक के जरिए सरल बनाया जा रहा है ताकि कामगारों को अधिक सुरक्षा और पारदर्शिता मिल सके।

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निजी क्षेत्र में नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन, कौशल विकास और युवा सशक्तिकरण के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम कर रही है।