उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर 20 से 30 साल के छात्र बताए जा रहे हैं।
आग उस इमारत में लगी, जहां नीचे पेट शॉप और क्लीनिक संचालित थे, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लाइब्रेरी और 3D स्टूडियो चल रहा था। शुरुआती जांच में एसी शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुएं से घिरने के बाद कई छात्रों ने बाथरूम में खुद को बंद कर लिया, जबकि कुछ ने खिड़कियों और तारों के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी।
राहत और बचाव के लिए फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमों ने घंटों अभियान चलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।शुरुआती जांच में इमारत में इमरजेंसी एग्जिट और सुरक्षा इंतजामों की कमी सामने आई है, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई।

