निर्जला एकादशी पर खाटूश्याम में दो दिवसीय मेले की शुरुआत,देशभर से उमड़े श्रद्धालु;दरबार को भव्य रूप से सजाया गया

Jaipur Rajasthan Rajasthan-Others

सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे के विश्व विख्यात खाटूधाम में निर्जला एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का दो दिवसीय मेला आज से शुरू हो गया है।देश के कोने कोने से श्याम भक्तो का हुजूम उमड़ रहा है।श्याम दीवाने बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए बाबा श्याम के दर्शन कर मन्नतें मांगते नजर आ रहे हैं। श्रद्धालु रींगस से खाटू पदयात्रा करते हुए खाटूश्यामजी पहुंच रहे हैं। निर्जला एकादशी पर श्री श्याम मंदिर कमेटी ने निज मंदिर को हरियाली के साथ अलग-अलग आमों से बाबा श्याम के दरबार को मनमोहक सजाया है।वहीं बाबा श्याम का भी अलौकिक श्रृंगार किया गया है। मेले की अपार भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी के सुरक्षा गार्ड व पुलिस के जवान व्यवस्था में लगे हुए हैं।
रींगस से खाटू श्याम जी नो व्हीकल जोन-निर्जला एकादशी पर आयोजित मेले को लेकर रींगस से खाटू श्याम जी मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है।यह मार्ग पदयात्रियों के लिए रखा गया है।वहीं वाहनों के लिए शाहपुरा से होते हुए 52 बीघा में एंट्री दी जा रही है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम – मेले को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं 260 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही 400 स्थाई सुरक्षाकर्मी के अलावा 600 सुरक्षा गार्ड व 500 होमगार्ड्स भी लगाए गए हैं।इसके अलावा पुलिस का जाप्ता भी तैनात किया गया है।

कोलकाता के फूलों से हुआ श्रृंगार – एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम के गुलाबी फूलों के साथ सतरंगी फूल तथा ड्राई फ्रूट्स से अलौकिक श्रृंगार किया गया है।बाबा श्याम की एकादशी पर कोलकाता से विशेष श्रृंगार मंगवाया गया है।

गर्मी को देखते हुए माकूल इंतजाम – निर्जला एकादशी पर गर्मी को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा 10 लाख पानी पाउच,10 पानी के टैंकर,छाया,बड़े कूलर,पंखे इत्यादि की व्यवस्था की गई है।